कोरोना महामारी में दिल्ली में विधवा हुईं 791 महिलाएं, सरकार को सौंपी रिपोर्ट
Editor :
Mini
26 Jul 2021
| 351
नई दिल्ली,
कोरोना महामारी की विकराल दूसरी लहर में बहुत से लोगों ने अपनों को खोया। दिल्ली महिला आयोग ने अपनी महिला पंचायतों के जरिए पूरे दिल्ली में जगह जगह घूमकर ऐसी महिलाओं को चिन्हित किया है जो कोरोना महामारी के कारण विधवा हुईं। दिल्ली महिला आयोग ने अभी तक ऐसी 791 महिलाओं को चिन्हित किया है साथ ही उनका सोशल सर्वे भी किया है।
आयोग की जानकारी के अनुसार चिन्हित की गई 791 महिलाओं में से 774 महिलाओं (97.85%) के बच्चे हैं। 360 महिलाओं के 3-5 बच्चे हैं तो वहीं 30 महिलाओं के 5 से अधिक बच्चे हैं। चिन्हित महिलाओं में से 734 महिलाएं (92.79%) 18-60 वर्ष की आयु के बीच हैं तो बाकी सीनियर सिटिज़न हैं। 191 महिलाएं 18-35 वर्ष की आयु के बीच हैं।
चिन्हित 791 महिलाओं में से 721 महिलाएं हाउसवाइफ हैं तो वहीं बाकी बची महिलाएं घरेलू सहायिका, लेबर, छोटे बिज़नेस, प्राइवेट एवं सरकारी जॉब में कार्यरत हैं।
चिन्हित की गई महिलाओं में से 28.57% महिलाओं के पास कोई आय का स्रोत नहीं है तो वहीं लगभग 60% महिलाओं की मासिक आय 15,000 या उससे कम है। सर्वे द्वारा ये भी पाया गया कि चिन्हित महिलाओं में से 597 महिलाओं ने अब तक वैक्सीन भी नहीं लगवाई है। इन महिलाओं को वैक्सीन लगवाना बेहद ज़रूरी है इसके लिए दिल्ली महिला आयोग ने सरकार को जिलाधिकारियों को ऑर्डर कर इन सब महिलाओं की जल्द से जल्द वैक्सिनेशन करवाने की भी सलाह दी है।
आयोग द्वारा चिन्हित महिलाओं का सोशल सर्वे इन महिलाओं के पुनर्वास में काम आएगा व सरकार की योजना इन महिलाओं तक पहुंचाने में भी मदद करेगा। आयोग ऐसी और विधवा महिलाओं को ढूँढने की प्रक्रिया में है जिन्होंने अपने पति को कोरोना महामारी के द्वारा खोया है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने यह सोशल सर्वे रिपोर्ट महिला बाल विकास मंत्रालय और समाजिक कल्याण विभाग को भेजी है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने कहा कि हमने अपनी महिला पंचायत टीमों को मोहल्ले मोहल्ले भेज 791 ऐसी महिलाओं को चिन्हित किया है, जो कोरोना के चलते विधवा हुईं। हम सरकार को इन सब महिलाओं की सोशल सर्वे रिपोर्ट भी सौंप रहे हैं जिससे सरकार को इन महिलाओं तक इस स्कीम का लाभ पहुंचाने में आसानी हो। इन महिलाओं का वैक्सिनेशन प्राथमिकता पर होना चाहिए।*
मालूम हो कि मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी ने ऐसे सभी परिवारों को सहायता देने के लिए मुख्यमंत्री कोविड-19 परिवार आर्थिक सहायता योजना की घोषणा की है।
Browse By Tags