‘मन की बात’ में बोले PM MODI, मानवता पर है कोरोना का संकट
| 6/28/2020 12:08:19 PM

Editor :- Mini

नई दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी से पूरी दुनिया प्रभावित हैं, जिसमें भारत देश भी शामिल है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में इसका जिक्र करते हुए कहा कि कोरोना की समस्या ने मानवता को अपना निशाना बनाया है, जिससे सबको मिलकर ही उबरना है।
कोरोना वायरस संकट और चीन के साथ सीमा पर चल रहे गतिरोध के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में कहा कि भारत ने हमेशा से संकटों को सफलता की सीढ़ियों में परिवर्तित किया है। आपदाओं तथा चुनौतियों पर जीत हासिल की है और वह पहले से भी ज्यादा निखरकर निकला है।
आकाशवाणी पर मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात 2.0’ की 13वीं कड़ी में प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि तमाम चुनौतियों के बावजूद देश इसी साल नया लक्ष्य प्राप्त करेगा, नयी उड़ान भरेगा और नयी ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संकट चाहे जितना भी बड़ा हो, भारत ने मुश्किल समय में दुनिया की मदद की और दुनिया ने भी भारत की इस ‘‘विश्व बंधुत्व’’ की भावना को महसूस किया है। मोदी ने कहा, ‘‘भारत का इतिहास ही आपदाओं और चुनौतियों पर जीत हासिल कर, और ज्यादा निखरकर निकलने का रहा है। सैकड़ों वर्षों तक अलग- अलग आक्रांताओं ने भारत पर हमला किया, उसे संकटों में डाला, लोगों को लगता था कि भारत की संरचना ही नष्ट हो जाएगी, भारत की संस्कृति ही समाप्त हो जाएगी, लेकिन, इन संकटों से भारत और भी भव्य होकर सामने आया।’’
उन्होंने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी को संपूर्ण मानव जाति पर संकट है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले जब यह संकट देश में आया थ तो किसी को पता नहीं था कि इसके खिलाफ़ चल रही लड़ाई इतनी लम्बी चलेगी। उन्होंने कहा,कोरोना के साथ ही देश में नित नयी चुनौतियां सामने आती जा रही हैं। अभी, कुछ दिन पहले, देश के पूर्वी छोर पर चक्रवात अंफान आया, तो, पश्चिमी छोर पर चक्रवात निसर्ग आया। कितने ही राज्यों में हमारे किसान भाई-बहन टिड्डी दल के हमले से परेशान हैं, और कुछ नहीं, तो, देश के कई हिस्सों में छोटे-छोटे भूकंप रूकने का ही नाम नहीं ले रहे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन सबके बीच हमारे कुछ पड़ोसियों द्वारा जो हो रहा है, देश उन चुनौतियों से भी निपट रहा है। उन्होंने कहा, 130 करोड़ देशवासी आगे बढ़ेंगे तो यही साल देश के लिए नए कीर्तिमान बनाने वाला साल साबित होगा। इसी साल में देश, नए लक्ष्य प्राप्त करेगा, नयी उड़ान भरेगा, नयी ऊंचाइयों को छुएगा। आपदाओं और अन्य चुनौतियों को लेकर आम जनमानस के बीच चल रही चर्चा का विस्तार से जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि एक साल में एक चुनौती आए या पचास चुनौतियां आएं, नंबर कम-ज्यादा होने से कोई साल ख़राब नहीं हो जाता। मोदी ने कोरोना वायरस संकट के दौरान भारत की वैश्विक भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि संकट चाहे जितना भी बड़ा हो, भारत के संस्कार, नि:स्वार्थ भाव से सेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा, भारत ने जिस तरह मुश्किल समय में दुनिया की मदद की, उसने आज, शांति और विकास में भारत की भूमिका को और मज़बूत किया है। दुनिया ने इस दौरान भारत की विश्व बंधुत्व की भावना को भी महसूस किया है।


Browse By Tags



Videos
Related News

Copyright © 2016 Sehat 365. All rights reserved          /         No of Visitors:- 557649